हरदोई जिले में सांडी थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन वर्षीय भतीजी से दुष्कर्म करने वाला आरोपी ताऊ मंगलवार देर रात पुलिस हिरासत से भागने लगा तो पुलिस ने फायरिंग कर दी। पैर में गोली लगने से आरोपी वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सांडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की तीन वर्षीय बच्ची मंगलवार शाम घर में खेल रही थी। पड़ोस में ही रहने वाला बच्ची का ताऊ ईश्वरपाल (26) उसे चीज दिलाने के बहाने ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसे दबोचकर पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि मंगलवार रात लगभग डेढ़ बजे सिपाही बाइक से ईश्वरपाल को मेडिकल के लिए सांडी-शाहाबाद मार्ग स्थित सीएचसी ले जा रहा था।
रास्ते में बारिश के कारण बाइक फिसल गई। इस दौरान आरोपी ईश्वरपाल ने भागने का प्रयास किया तो सिपाही की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की फायरिंग में ईश्वरपाल के दाहिने घुटने के नीचे गोली लग गई।