हरदोई में सवायजपुर विधायक समेत 61 पॉजिटिव
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले सवायजपुर से भाजपा विधायक रानू समेत 61 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमित 914 हो गए हैं। 554 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 349 हैं, जबकि 11 मौतें हुईं हैं। सीएमओ डॉ. सूर्यमणि त्रिपाठी ने बताया कि सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू (48) ने अपने आवास पर ही एंटीजन किट से कोरोना की जांच कराई थी।
विधायक और उनके साथ रहने वाले 38 लोगों की जांच की गई थी। इनमें विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा विधायक के चालक (32) और नौकर (30) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विधायक का चालक पाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि नौकर हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र का निवासी है।
विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी पर नौ अन्य लोगों का नमूना भी जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज भेजा गया है। विधायक के समर्थकों और परिचितों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना सोशल मीडिया पर की है। विधायक, उनके चालक और नौकर को लखनऊ रोड पर नया गांव में कोविड अस्पताल ले जाया गया।
पूर्व ब्लाक प्रमुख और उनके दो बेटे भी चपेट में
टड़ियावां के पूर्व ब्लाक प्रमुख और उनके दो बेटे भी संक्रमित मिले हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख मूल रूप से ग्राम इटौली के रहने वाले हैं और शहर के आशा नगर स्थित आवास पर रहते हैं। इसके अलावा शहर के मोहल्ला विष्णुपुरी में रहने वाले एक चिकित्सक (45) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।