दबिश देने गए सिपाही को बदमाश ने मारी गोली
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव बरौना कला में बुधवार रात लगभग आठ बजे किसी ने इटावा जिले से सटी बरौंनाकला चौकी क्षेत्र के गांव अनुरुद्धपुर व बांझरहार में बदमाशों के होने की पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज एसआई धर्मेंद्र यादव हमराही सिपाही देवेश के साथ घटना स्थल की तरफ रवाना हुए। देवेश ने भाग रहे एक बदमाश को पकड़ लिया। तभी बदमाश ने तमंचे से देवेश के पैर में गोली मार दी।
गोली लगने से देवेश के हाथ से पकड़ ढीली हो गई। इससे पहले कि चौकी इंचार्ज कुछ कर पाते बदमाश मौके से भाग निकला। इस पर चौकी इंचार्ज ने तत्काल एरवाकटरा थानाध्यक्ष निरीक्षक अखिलेश जायसवाल को घटना की सूचना दी।
सूचना पर सीओ बिधूना मुकेश प्रताप फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने घायल सिपाही देवेश को सीएचसी एरवाकटरा में भर्ती कराया। जहां से उसे डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया। इस संबंध में एसपी सुनीति ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस में सिपाही देवेश द्वारा एक बदमाश को पकड़ लिया गया था।
तभी मौका पाकर बदमाश ने पास में मौजूद तमंचे से उसके पैर में गोली मार दी। उन्होंने बताया कि गोली मारकर भागने वाला बदमाश चिह्नित कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस टीमें क्षेत्र में दबिशें दे रहीं है। जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होगा।