कानपुर। परमट निवासी महिला ने कोतवाली में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला के अनुसार मंडलायुक्त कार्यालय के सामने 15 सितंबर को देर रात बेटे के साथ स्कूटी से घर लौटने के दौरान लूट हुई थी। बाइक सवार लुटेरों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की तो उन्होंने विरोध किया। इस पर लुटेरों ने लात मारकर उनकी स्कूटी को गिरा दिया। इसके बाद बदमाश मारपीट कर गहने वाला पर्स लूटकर भाग निकले। वारदात में मां-बेटा जख्मी हो गए।
परमट निवासी सुनील कुमार की पत्नी नीतू राजपूत के अनुसार 15 सितंबर की रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच वह बेटे के साथ एक रिश्तेदार के घर से लौट रही थीं। मंडलायुक्त कार्यालय के सामने पीछे से आए अपाचे बाइक सवार तीन लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीनने की कोशिश की। उन्होंने पर्स को कसकर पकड़ लिया तो बदमाशों ने उनकी स्कूटी में लात मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। इससे वह और बेटा भी बीच सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान बाइक से उतरे बदमाशों ने उनसे पर्स छीनने की कोशिश की। बेटे ने बचाने की कोशिश की तो बदमाश उसे पीटने लगे। इस बीच एक शातिर ने उनके साथ भी मारपीट की और पर्स हाथ से छीन कर बाइक में बैठकर भाग निकले।
महिला के मुताबिक पर्स में सोने की जंजीर व मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, कान के टॉप्स, चांदी की पायल, अलमारी की चाभी, बैंक की पासबुक, दो आधार कार्ड, 12 हजार रुपये और मोबाइल थे। राहगीरों की मदद से परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर आए और दहशतजदा मां-बेटे को साथ ले गए। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश नारायण पांडेय ने बताया कि महिला ने बुधवार को तहरीर दी है। इसके आधार पर तीन अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।