नाबालिग किशोरी की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन, घटना स्थल पर लगी भीड़ और जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के चकलवंशी सफीपुर में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां की एक नाबालिग लड़की ने पड़ोसी युवक पर जबरन शादी करने के बाद कई बार बलात्कार करने और विरोध कर रहे पिता को मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। छह लोगों पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले में सफीपुर कोतवाल का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जायेगी।
सफीपुर कोतवाली के एक गांव निवासी एक श्रमिक की नाबलिक बेटी और बेटा उसके साथ रहता है जबकि पत्नी और छोटे भाई की पत्नी नोयडा में रहकर एक नर्सिंगहोम में काम करती हैं। पडो़स में परचून की दुकान खोले एक युवक ने किशोरी से दोस्ती बनाई और 9 सितंबर को बहाने से उन्नाव कचहरी में शादी का नोटरी हलफनामा बनवा लिया। बीते बुधवार शाम को किशोरी दाल लेने के लिए पड़ोसी युवक की दुकान गई तो वह उसे घर में खींच ले गया और बहनों व परिवार की मदद से बंधक बना लिया। किशोरी का आरोप है कि युवक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म भी किया। उधर बेटी के घर न लौटने पर पिता ने परियर पुलिस चौकी इंचार्ज सुबोध यादव को शिकायती पत्र दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद युवक ने किशोरी को उसके पिता को सौंप दिया। बदनामी के डर से पिता-पुत्री व परिवार के अन्य परिजनों ने दुष्कर्म की रिपोर्ट भी नहीं दर्ज कराई। पिता ने नोयडा में रहकर एक नर्सिंगहोम में नौकरी कर रही अपनी पत्नी को घटना की जानकारी दी और बेटी को साथ ले जाकर नोयडा में रखने की बात कही। सोमवार रात को पत्नी व परिवार के अन्य लोग छत सोए थे। सुबह उठे तो किशोरी के पिता का शव रहस्यमय तरीके से छप्पर से फांसी के फंदे में लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई की पत्नी ने पड़ोसी युवक पर भतीजी (पीड़ित किशोरी) को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और बेटी को गांव से दूर भेजने की जानकारी होने पर किशोरी के पिता की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। सफीपरु कोतवाल हनुमान पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तफ्तीश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।