सिक्किम के मत्स्य विभाग के मंत्री एसडी सुब्दी सोमवार को कानपुर के भौंती गोशाला पहुंचे। गोशाला में गायों की दयनीय स्थिति देख काफी दु:खी हो गए और बोले कि मैंने सुना था कानपुर गोशाला सोसाइटी की गोशालाएं में गायों की बहुत अच्छी तरह से देखभाल होती है, लेकिन हकीकत देखकर हैरान हूं। इन गायों को पर्याप्त भोजन तक नहीं मिलता है। इस कारण बड़ी संख्या में गायों की मौत हो रही हैं। बोले, नाम बड़े और दर्शन छोटे वाली कहावत चरितार्थ हो रही है, चूंकि मुझे गायों से काफी प्रेम है। इसलिए मैं गोशाला देखने आया था। उधर, मंत्री के सामने सोसाइटी के दोनों गुट आपस में भिड़ गए। यह देखकर मंत्री वापस हो गए।
सफीपुर गोशाला महाराजपुर के मैनेजर ने तहरीर दी
कानपुर गोशाला सोसाइटी की महाराजपुर स्थित सफीपुर गोशाला के मैनेजर गणेश प्रसाद ने सोमवार देर शाम महाराजपुर थाने में महामंत्री श्याम अरोड़ा के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में कहा है कि महामंत्री प्रत्येक गाय को आठ किलो के बजाय एक किलो भूसा देने की बात कहते हैं। कहते हैं कि यदि ऐसा नहीं करोगे तो गोशाला से हटा दूंगा। बताते चलें कि महाराजपुर गोशाला में 268 गाय हैं और 12 कर्मचारी हैं। सोमवार दोपहर में सोसाइटी की एक टीम पहुंची। टीम ने रिकार्ड देखा। इसके बाद गायों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गायों की दयनीय स्थिति पर कहा कि सरसौल ब्लॉक पशु चिकित्सा केंद्र से एक डाक्टर रोजाना आएंगे और गायों का इलाज करेंगे।
श्याम अरोड़ा से कामकाज छीनकर सचिव विजय पांडे को सौंपा
कानपुर के प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ अरुण कुमार की एफआईआर की चेतावनी के बाद कानपुर गोशाला सोसाइटी ने सोमवार शाम बैठक कर भौंती गोशाला में सब कुछ सुधार करने की रूपरेखा तय की। फैसला हुआ कि यदि भूख से गायों की मौत हुई तो अध्यक्ष तिलकराज शर्मा की ओर से दोषियों के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। वहीं महामंत्री श्याम अरोड़ा से गोशाला का कामकाज छीन सचिव विजय पांडे को सौंपा गया है। वह गायों को भोजन पानी से लेकर उनके इलाज की व्यवस्था का कामकाज देखेंगे। साथ ही वसंत कुंज फ्लैट मामले, मैनावती मार्ग की जमीन संबंधी सभी काम भी विजय पांडे देखेंगे, उनके साथ लीगल एडवाइजर धर्मू होंगे। उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता प्रतिदिन गोशाला जाएंगे। इसकेअलावा 31 सदस्यों में हफ्ते में एक-दो दिन प्रत्येक सदस्य जाएगा।
सोसाइटी अध्यक्ष ने बताया कि सफीपुर महाराजपुर और कालपी गोशाला का कामकाज सुरेश गुप्ता देखेंगे। औषधि विभाग के विकास के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई हैैं। वहीं अनुशासनहीनता पर नंद किशोर मिश्रा लालू के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई। बैठक में 31 के सापेक्ष 25 सदस्य मौजूद रहे, जबकि महामंत्री श्याम अरोड़ा, कोषाध्यक्ष बेनी माधव गर्ग आदि नदारद रहे।
गायों के लिए तय हुए भोजन मानक
अपर निदेशक पशुपालन विभाग कानपुर मंडल प्रकाश चंद्र ने गायों के लिए भोजन का मानक तय किया है। बड़ी गायों को आठ किग्रा भूसा, चूनी/दाना ढाई किग्रा और हरा चारा 10 किग्रा दिया जाएगा। वहीं छोटी गायों और बछड़ों को चार किग्रा भूसा, चूनी/दाना एक किग्रा और हरा चारा पांच किग्रा दिया जाएगा।
एफआईआर न हुई तो होगा थाने का घेराव
गोवंश बचाओ अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी सुनील त्रिपाठी ने बताया कि दो दिन पहले सचेंडी थाने में कानपुर गोशाला सोसाइटी के महामंत्री श्याम अरोड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का पत्र दिया गया था। दो दिन बीत चुके हैं पर थाने की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यदि कल तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो थाने का घेराव किया जाएगा।