कानपुर। लैंबोर्गिनी के बाद एक बार फिर शहर में महंगी लग्जरी कार मिनी कूपर ने रफ्तार का कहर दिखाया। सोमवार देर रात मेडिकल कॉलेज पुल पर कार की टक्कर से मसवानपुर निवासी बाइक सवार राजू शुक्ला घायल हो गए थे। पुलिस को जांच में पता चला कि कार इससे पहले भी ओवरस्पीड और खतरनाक ढंग से चलाई गई है। तब उसका चालान भी हुआ था। मंगलवार को राजू की भाभी शिवांगी ने कार नंबर के आधार पर मिनी कूपर के अज्ञात चालक पर काकादेव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मसवानपुर निवासी राजू शुक्ला बाइक टैक्सी चलाते हैं। सोमवार देर रात वह स्वरूपनगर से बाइक से मेडिकल कॉलेज पुल से होते हुए घर जा रहे थे। पुल पर पीछे से फर्राटा भरते हुए आई सफेद मिनी कूपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। वहीं हादसे के बाद कार से उतरकर तीन युवक भाग निकले जबकि लखनऊ निवासी सुमित नारायण को राहगीरों ने पकड़ लिया था। हादसे में राजू का पैर और हाथ टूट गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजू को हैलट में भर्ती कराकर परिजन को सूचना दी। अस्पताल पहुंचीं भाभी शिवांगी ने राजू को आवास विकास तीन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शिवांगी की तहरीर पर काकादेव पुलिस ने खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने और जान जोखिम में डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। काकादेव इंस्पेक्टर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पकड़े गए युवक को जमानत पर छोड़ दिया गया है।
डॉक्टर ने खरीदी है पुरानी कार
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कार पनकी बी-ब्लाॅक निवासी डाॅ. स्पर्श सिंह की है। पुरानी कार उन्हाेंने एक खाद्य तेल बनाने वाली कंपनी के अधिकारी से खरीदी है। चालक कार काे अक्सर खतरनाक ढंग से चलाता रहा है। कार का 20 अप्रैल 2022 को लापरवाही से चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में चालान हुआ था। चार जनवरी 2026 को ओवरस्पीड में दौड़ाने के कारण सुल्तानपुर में ऑनलाइन चालान हुआ है।