फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: टायर फटने से अनियंत्रित होकर होटल में घुसी मिनी बस, गार्ड की मौत

Fri, 21 Feb 2025 01:01 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
पुखरायां (कानपुर देहात)। कानपुर-झांसी हाईवे पर पुखरायां बाईपास के पास गुरुवार सुबह टायर फटने से श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने होटल के बाहर खड़ी कार में टक्कर मारने के बाद बाउंड्री से टकरा गई। हादसे में बाउंड्री के पास बैठा होटल का गार्ड गंभीर घायल हो गया। होटल स्टाफ उसे सीएचसी ले गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

मध्यप्रदेश के इंदौर के 16 श्रद्धालु कुंभ स्नान करने के बाद एक मिनी बस से वापस लौट रहे थे। गुरुवार सुबह पांच बजे के करीब बस के पुखरायां के अहरौली शेख के पास पहुंची तो बायीं ओर का अगला टायर फट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर क्रॉस करने के बाद सर्विस रोड से होकर इंद्र पैराडाइज होटल परिसर में खड़ी कार टकरा कर बाउंड्री में जा घुसी। हादसे में बाउंड्री किनारे बैठे होटल के गार्ड चंद्रभान सिंह यादव (60) निवासी दुलीचंदपुर थाना बरौर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि मिनी बस में बैठे श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।
हादसा करने के बाद चालक मिनी बस छोड़कर भाग निकला। होटल कर्मी गार्ड को उपचार के लिए सीएचसी पुखरायां ले गए। वहां डॉ. राजवीर सिंह ने उसको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर पत्नी राजरानी, पुत्री सोनी, गुड़िया, शर्मिला, पुत्र धर्मवीर, भतीजा शांतिशरण बिलखते रहे। मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने श्रद्धालुओं व मिनी बस पर लिखे नंबर पर मालिक पांचाल से जानकारी की। इसके बाद श्रद्धालुओं को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया। भोगनीपुर थाना प्रभारी अंजन कुमार सिंह ने बताया कि बस को कब्जे लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

................
मिनी बस के टकराने की आवाज से टूटी नींद
होटल की बाउंड्री से बस के टकराने के दौरान हुई जोरदार आवाज से होटल के कमरे में सो रहे महाराष्ट्र के डुलिया निवासी जितेंद्र व उनके परिजनों की नींद टूटी। जितेंद्र ने बताया कि आवाज आने पर उन्होंने बाहर निकल कर देखा तो मिनी बस परिसर में घुसी हुई थी और पास में गार्ड घायल हालत में पड़े थे। हादसे में उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच होलट के कर्मचारी व पड़ोस के लोग जा पहुंचे।
..............
दहशत में दिखे श्रद्धालु
हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालु भी दहशत में दिखे। श्रद्धालु कुछ बोलने को तैयार नहीं दिखे। वहीं एक श्रद्धालु ने बताया कि वह सीट पर सो रहे थे। झटके के साथ बस जब टकराई तो सभी की आंख खुली। मौके पर पहुंची पुलिस ने श्रद्धालुओं से जानकारी ली। इसके बाद उनका सामान निकलवा कर दूसरे वाहनों से आगे की ओर रवाना किया। इस बीच कुछ श्रद्धालु अपने परिवार के लोगों से संपर्क कर हादसे की जानकारी देते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें