मेट्रो ट्रेन अब जरौली तक नहीं जाएगी। केडीए और राइट्स संस्था की अनौपचारिक बैठक में फैसला लिया गया कि मेट्रो ट्रेन का ट्रैक बर्रा-8 तक ही बिछाया जाएगा क्योंकि जरौली में ज्यादा आबादी नहीं है।
बर्रा-8 का मेट्रो स्टेशन इस प्रकार बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में ट्रैफिक लोड बढ़ने पर ट्रैक का विस्तार किया जा सके। अन्य रूट पूर्ववत रहेगा। मेट्रो रेल संचालन के लिए प्रस्तावित रूट नंबर-दो अभी तक सीएसएस से रावतपुर, विजय नगर, गोविंद नगर, शास्त्री चौक होते हुए जरौली तक 10.30 किलोमीटर लंबा था।
ट्रैफिक लोड के भौतिक सत्यापन पर पता चला कि जरौली में आबादी ज्यादा नहीं है। आगे गांव हैं, खेती होती है। केडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसी आधार पर जरौली तक मेट्रो का ट्रैक न बिछाने का फैसला लिया गया है।