कानपुर। कानपुर मेट्रो 24 लाख लीटर वर्षा जल के संरक्षण की क्षमता विकसित कर रहा है। मेट्रो के 32.5 किलोमीटर लंबे दोनों कॉरिडोर के वाया डक्ट में प्रत्येक दूसरे स्पैन पर पानी को नीचे मीडियन में बने रिचार्ज पिट तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। मेट्रो के जन संपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि लगातार गिरते भूजल स्तर को ध्यान में रख कानपुर मेट्रो को जीरो डिस्चार्ज फैसिलिटी के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके लिए डिपो में 10 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) जबकि 70 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता का एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) स्थापित किए गए हैं। उपचारित अपशिष्ट जल का उपयोग डिपो एवं वाया डक्ट क्षेत्र में बागवानी के लिए भी किया जा रहा है। सीएसए से बर्रा-आठ के निर्माणाधीन डिपो में इसी तर्ज पर जीरो डिस्चार्ज प्रणाली विकसित की जा रही है।
संचयित पानी से होती है ट्रेनों की धुलाई
पंचानन मिश्र के मुताबिक कॉरिडोर-एक डिपो में स्थापित ऑटोमैटिक ट्रेन वॉशिंग प्लांट में मेट्रो ट्रेनों की नियमित सफाई रिसाइकल्ड जल से की जाती है। इससे बड़ी मात्रा में स्वच्छ जल की बचत हो रही है। यह ऑटोमैटिक वॉशिंग प्लांट कम समय में ट्रेनों की सफाई करता है।