कानपुर। स्व. आत्माराम अग्रवाल स्मारक इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को मेथोडिस्ट हाईस्कूल, केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल और बीएनएसडी इंटर कॉलेज ने अपने-अपने मैच जीते। सभी मैच आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में खेले गए।
पहले मैच में एलेन हाउस पब्लिक स्कूल की टीम ने 14 ओवर में 102 रन बनाए। टीम से अबुजर ने 27 व आर्यन ने 16 रन बनाए, तो गेंदबाजी में उत्कर्ष ने तीन, यथार्थ पांडेय व सिद्धार्थ ने दो-दो विकेट लिए।
वहीं, मेथोडिस्ट हाईस्कूल की टीम ने 11.1 ओवर में तीन विकेट पर 107 रन बनाकर मैच जीता। इसमें कुशाग्र ने 41, सिद्धार्थ ने 27 व उत्कर्ष ने 26 रन की पारी खेली, गेंदबाजी में अबुजर, हर्ष व अर्यान ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच उत्कर्ष को चुना गया।
दूसरे मैच में हेलिजर बार्डन की पूरी टीम 17.5 ओवर में 62 रन पर आउट हो गई। टीम से सर्वाधिक 12 रन अंशुल ने बनाए, तो गेंदबाजी में अनुपम ने चार को आउट किया। वहीं, केडीएमए इंटरनेशनल ने 16.4 ओवर में पांच विकेट पर 63 रन बनाकर मैच जीता। इसमें असित ने 20 व कबीर ने 19 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में राज ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच आसित बने।
तीसरे मैच में बीएनएसडी इंटर कॉलेज ने 19.3 ओवर में 92 रन बनाए। टीम से विराज निषाद ने 25 रन जोड़े, तो गेंदबाजी में अविरल ने चार व शौर्य ने दो को आउट किया। वहीं, यूनाइटेड पब्लिक स्कूल की पूरी टीम 9.4 ओवर में 46 रन पर आउट हो गई। टीम से अविरल ने सर्वाधिक 12 रन बनाए, तो गेंदबाजी में विकास, ताहिर ने तीन-तीन व मयंक ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच ताहिर को चुना गया।