मानसिक बीमार युवती ने आग लगाकर दी जान
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दुर्गागंज गांव में मानसिक रूप से बीमार युवती ने शनिवार दोपहर केरोसिन डालकर खुद को जला लिया। पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई। लखनऊ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। दुर्गागंज गांव निवासी गोनी (18) पुत्री मेवाराम तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी।
परिजनों के मुताबिक गोनी मानसिक रूप से बीमार थी। शहर के एक अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। शनिवार दोपहर परिजन खेत गए थे। उसकी मां पुष्पा दुकान गई थी। इसी दौरान गोनी ने कमरे में खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा दी।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई। वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। मां पुष्पा मौके पर पहुंची। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। देर रात रास्ते में उसकी सांसें थम गईं।
शव लेेकर घर पहुंचे परिजनों ने पुलिस ने को सूचना दी। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि युवती ने मानसिक बीमारी से परेशान होकर जान दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।