कानपुर। कल्याणपुर थानाक्षेत्र के मिर्जापुर खड़ंजा में मानसिक बीमार 11वीं के छात्र ने रविवार को फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना के वक्त परिजन बाजार गए हुए थे। लौटने पर दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को शक हुआ। कमरे का दरवाजा तोड़कर परिजन भीतर दाखिल हुए तो बेटे का शव फंदे पर लटकता मिला।
कल्याणपुर के मिर्जापुर खडंजा निवासी प्लंबर राजेश गौतम का बेटा यश कुमार (18) हाईस्कूल पास करने के बाद 11वीं में गया था। तीन साल पहले स्कूल में कबड्डी खेलते समय यश के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। इसके बाद वह धीरे-धीरे मानसिक रूप से कमजोर होने लगा। निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिता ने बताया कि रविवार को वह पत्नी शांति, बेटी प्रियंका व रिया के साथ बाजार गए हुए थे।
बेटा यश घर पर अकेले था। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह लोग घर लौटे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। खटखटाने के बाद भी भीतर से कोई आहट नही मिला तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। भीतर दाखिल हुए तो यश का शव पंखे के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। बेटे का फंदे से लटकता देख मां शांति गश खाकर फर्श पर गिर गईं। थानाप्रभारी ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपाेर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।