घटना की जानकारी देता गुरसहायगंज में तैनात दरोगा विकास जैन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कन्नौज जिले में एक दुर्घटना के मामले में 133 एमबी एक्ट के नोटिस को तामील कराने आए दरोगा को आरोपी युवक ने तमंचा दिखाकर अपनी दुकान में बंधक बना लिया। शटर गिराकर दरोगा की पिटाई भी की। किसी तरह चंगुल से छूटे दरोगा ने सौरिख थाने में फोन कर सूचना दी तो पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
इसी बीच आरोपी अपने परिजनों के साथ फरार हो चुका था। दरोगा ने आरोपी सहित कुल सात लोगोें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, आरोपी की मां ने दरोगा पर ही उसके बेटे, उसे और उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उसने एसपी को भी फोन पर घटना की जानकारी दी है।
सोमवार को थाना गुरसहायगंज में तैनात दरोगा विकास सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम बिलंदपुर पहुंचे। वह विवेक कुमार पुत्र सतपाल की दुकान पर गए और एक दुर्घटना के मामले में 133 एमबी एक्ट के तहत जारी नोटिस तामील कराने का प्रयास किया। इस बात पर उन दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि दरोगा ने पुलिसिया रौब दिखाया तो विवेक भड़क गया। वहीं, दरोगा विकास जैन के अनुसार विवेक ने तमंचा निकालकर उसे दुकान के अंदर बंधक बना लिया और दुकान का शटर गिराकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पिटाई कर दी।
दुकान में तोड़फोड़ के बाद बिखरा पड़ा सामान, आरोपी विवेक की मां
- फोटो : अमर उजाला
किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर उसने घटना की सौरिख थाने को फोन पर सूचना दी। जब तक थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचते, आरोपी परिजनों समेत फरार हो चुका था। बताया कि उनके थाना क्षेत्र में एक दुर्घटना हुई थी। इसका मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के तहत 133 एमबी एक्ट का नोटिस तामील कराने सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम बिलंदपुर में विवेक कुमार पुत्र सतपाल के यहां आए थे।
उसने आरोपी विवेक कुमार, उसके भाई रवि प्रताप और उसकी मां, बहन समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ सौरिख थाने में तहरीर दी जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उधर, इस मामले में आरोपी विवेक की मां ने दरोगा पर आरोप लगाया कि नोटिस तामील कराने आए दरोगा ने उसके बेटे को पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसके साथ मारपीट की।
जब वह और उसकी पुत्री बचाने आईं तो उन दोनों को भी दरोगा और उसके साथ आए दो अन्य लोगों ने पीट दिया। दुकान में रखे सामान में तोड़फोड़ की और सामान उठा कर फेंक दिया। क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।