प्रेस वार्ता करते डीएम जेपी सिंह व एसपी केके चौधरी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को तैयारियों के बाबत जानकारी दी। जिले को सुरक्षा के लिए लिहाज से 22 जोन व 158 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक में मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। वहीं 901 मतदान केंद्र में 1221796 मतदाता वोट डालेंगे।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बात करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 901 मतदान केंद्र और 1943 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। कुल 12,21796 मतदाता हैं। 618 ग्राम पंचायत, 7851 ग्राम सभा सदस्य, 757 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 32 जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव 26 अप्रैल को होंगे। सघन निगरानी के लिए जिले को 22 जोन व 158 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 11 रिटर्निंग ऑफीसर व 157 सहायक रिटर्निंग ऑफीसर की नियुक्त की गई है।
कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुए जिले स्तर में सीएमओ, ब्लाक स्तर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है। सभी मतदेय स्थलों पर नियुक्ति की गई पोलिंग पार्टियों को सैनिटाइजर, हैंडवॉश, मास्क, ग्लव्स की उपलब्धता कराई जाएगी। मतदान के दिन पोलिंग पार्टियां इसका इस्तेमाल करेंगी। सभी मतदेय स्थलों पर निगरानी समितियों को थर्मल स्कैनर के साथ नियुक्त किया गया है। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर से जानकारी दी। इस मौके पर एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, एसडीएम सदर राजीव राज, जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन मौजूद रहे। (संवाद)