मयंक अब तक दर्जनों गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं
गला काट प्रतियोगिता के युग में कानपुर के मयंक श्रीवास्तव महज 19 साल की उम्र में शहर के सैकड़ों बच्चों को संगीत की शिक्षा देकर उन्हें अलग-अलग मंच मुहैया करा रहे हैं। हाल ही में उन्होेंने 'हैरत' फिल्म यूट्यूब पर रिलीज की। जिसका संगीत उनके सिखाए बच्चों ने तैयार किया है।
हैरत शॉर्ट फिल्म इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए भेजी गई है। 15 साल की उम्र में प्रभाकर (6 साल का संगीत कार्यक्रम) पूरा करने के बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म्स एंड टेलीविजन से साउंड इंजीनियरिंग का कोर्स करने वाले मयंक ने अपने शहर कानपुर की ओर रुख किया और संगीत की बारीकियां सिखानी शुरू कर दीं। मयंक अब तक कानपुर के 7 प्रतिष्ठित स्कूलों में पढ़ाकर 3000 से अधिक छात्रों का मार्गदर्शन कर चुके हैं। फिल्म 'चिल्लर पार्टी' के लेखक और 'हरि पुत्तर' के निर्देशक राजेश बजाज से फिल्म निर्माण के गुर भी मयंक ने सीखे हैं। वह अब 'चाइल्ड ट्रैफिकिंग', 'स्ट्रीट लव' सब्जेक्ट पर वेब सिरीज तैयार कर रहे हैं। ये वेब सिरीज मार्च में रिलीज की जाएगी। मुंबई के फिल्म निर्माताओं को वह फ्री-लांसर के रूप में अपने गीत और संगीत को बेच रहे हैं। मयंक अब तक दर्जनों गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं।