जून 2016 में मथुरा के जवाहर बाग में हुए कांड को लेकर फर्रुखाबाद पहुंची सीबीआई टीम ने मंगलवार को दो लोगों का लोहिया अस्पताल में डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिया। जवाहर बाग कांड में राजेपुर निवासी मेवाराम राठौर और जिला शाहजहांपुर थाना अल्हागंज के गांव हलू नगला निवासी रामपाल की मौत हुई थी।
घटना की जांच सीबीआई कर रही है। मंगलवार को सीबीआई इंस्पेक्टर विनीत कुमार, मेवाराम के बेटे सनूप और रामपाल के बेटे रामवीर के ब्लड का सैंपल लेने के लिए दोनों को लोहिया अस्पताल लेकर आए। यहां पर टीम ने पैथोलॉजी प्रभारी डॉक्टर एसपी सिंह ने वार्ता की। इसके बाद दोनों युवकों का पैथोलॉजी में खून का सैंपल लिया।
इन युवकों के साथ राजेपुर के गांव बड़ागांव परतापुर निवासी रविकुमार पुत्र लंकुश, गांव खंडौली नहरैया निवासी कृष्णपाल भी आए थे। सीबीआई इंस्पेक्टर ने कुछ भी बताने से इनकार किया। हालांकि मेवाराम के बेटे सनूप ने बताया कि जवाहर बाग को खाली कराने के लिए पुलिस ने फायरिंग की थी। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना की सीबीआई जांच चल रही है।