कानपुर देहात। यूपी बोर्ड की परीक्षा में शुक्रवार को सुबह पाली में हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा हुई। कठिन सवालों ने परीक्षार्थियों का पसीना छुड़ाया। हाईस्कूल में 1483 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें 330 बालिकाएं रहीं।
जिले में कुल 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीसीटीवी से तीन स्तर पर निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही छह उड़नदस्ता टीमें सक्रिय हैं। सुबह पाली में इंटरमीडिएट रेडियो, रंगीन टेलीविजन, टंकण आदि विषय की परीक्षा में 242 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 13 बालकों व एक बालिका ने परीक्षा नहीं दी।
इसी प्रकार शाम की पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान विषय में पंजीकृत 19573 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। कठिन सवालों को हल करने में अधिक समय लगा। इधर 1236 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। इसमें 856 बालक शामिल हैं। जबकि सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत तीन बालिका परीक्षार्थियों में से कोई परीक्षा देने केंद्र पर नहीं पहुंचीं। डीआईओएस बृजभूषण चौधरी ने बताया कि कड़ी निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। अब तक कोई नकलची नहीं पकड़ा गया है।