कानपुर देहात। जिले के छह केंद्रों पर चल रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता (यूपी टेट) परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों के 5088 परीक्षार्थियों में 548 अनुपस्थित रहे। जबकि 4540 ने परीक्षा दी।
दूसरे दिन शुक्रवार को अकबरपुर इंटर कॉलेज, अकबरपुर महाविद्यालय, श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर व रूरा में आरपीएस इंटर कॉलेज में दोनों पालियों में परीक्षा हुई। सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 तक उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों के अनुसार गणित और विज्ञान के प्रश्न उम्मीद से ज्यादा सरल रहे, वहीं सामाजिक अध्ययन (सोशल स्टडीज) के सवालों ने परीक्षार्थियों को काफी उलझाया। कई अभ्यर्थियों का कहना था कि सामाजिक अध्ययन के प्रश्न काफी घुमावदार थे, जिन्हें हल करने में काफी समय लगा।
दूसरी, पाली में दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक प्राथमिक स्तर के लिए हुई परीक्षा को देकर बाहर निकलने वाले परीक्षार्थियों का कहना था कि बाल विकास व शिक्षाशास्त्र, हिंदी, गणित और पर्यावरण अध्ययन के विषय से संबंधित प्रश्न आए थे। सरल होने की वजह से इन्हें हल करने में समय नहीं लगा और समय से पहले ही प्रश्न पत्र हल कर लिया।
इधर जिलाधिकारी कपिल सिंह व एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने आरपीएस इंटर कॉलेज रूरा का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता जांची। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शासन की मंशानुरूप शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
टीईटी परीक्षा के नोडल अधिकारी व एडीएम प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि दूसरे दिन की परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न हुई। दोनों पालियों में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए थे। केंद्रों पर मोबाइल, ब्लूटुथ या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी रही। पहली पाली की परीक्षा में 2544 परीक्षार्थियों में 2211 ने परीक्षा दी है और 333 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा में 2544 परीक्षार्थियों में 215 अनुपस्थित रहे और 2329 ने परीक्षा दी।
..................
परीक्षार्थी बोले
पहली बार यूपी टेट की परीक्षा दी है, इससे थोड़ी घबराहट हुई है। हालांकि गणित और विज्ञान विषय के पूछे गए प्रश्न काफी सरल थे, जिसे हर करने में कोई समस्या नहीं हुई। सोशल स्टडीज में पूछे जाने वाले प्रश्न घुमावदार थे, इन्हें हल करने में थोड़ी समस्या जरूर हुई है।- नैंसी, कानपुर
...............
सामाजिक अध्ययन में पूछे गए गए प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया था इसे हल करने में काफी समय बर्बाद हुआ। वहीं, शिक्षाशास्त्र के कुछ सिद्धांतों पर आधारित प्रश्नों को काफी घुमाकर पूछा गया था। ओवरऑल प्रश्न सरल ही थे, जिन्हें समय से पहले ही हल कर लिया था। - संगीता, कानपुर।