कानपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया हैं। यहां बजरिया इलाके में मामा ने मेला दिखाने के बहाने अपने घर ले जाकर दस साल की भांजी के साथ दुष्कर्म किया। अपने बहनोई की भांजी के साथ भी अश्लीलता की। पीड़ित बच्चियों ने जब घटना परिजनों को बताई तो उन्होंने बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज की। आरोपी फरार है।
बजरिया के फूलमती तिराहे के पास रहने वाला जानूखान ईद के तीसरे दिन चमनगंज निवासी अपनी बहन के घर गया था। पीड़ित बच्ची के पिता के मुताबिक इस दौरान वह उनकी बेटी, बेटा और उनकी भांजी को लेकर इफ्तिखाराबाद में मेला दिखाने की बात कहकर घर से ले गया था। वहां से वह सभी बच्चों को लेकर अपने घर चला गया। उसके घर पर कोई मौजूद नहीं था। वहां जानूखान ने अपनी भांजी के साथ दुष्कर्म किया। बहनोई की भांजी से भी अश्लील हरकतें कीं। फिर दोनों को उनके घर के बाहर छोड़कर भाग निकला।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि वह घटना के बाद से थाने और सीओ ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की। आखिर में वह एसएसपी कार्यालय पहुंचे जिसके बाद कार्रवाई हुई।