कानपुर में जयपुरिया क्रॉसिंग के पास गुरुवार सुबह मरूधर एक्सप्रेस के इंजन में आग लगने से हड़कंप मच गया। ड्राइवर के इमरजेंसी ब्रेक लगाने से सहमे यात्री गाड़ी से कूदकर इधर-उधर भागने लगे। ट्रेन को वापस स्टेशन लाकर दूसरे इंजन से आगे के लिए रवाना किया गया। इस कारण गाड़ी करीब दो घंटे लेट रही। ट्रैक भी बाधित रहा। वहीं दूसरी घटना में कोलकाता-आगरा एक्सप्रेस का इंजन फतेहपुर में फेल हो गया। ट्रेन को डीजल इंजन से कानपुर लाया गया।
मरूधर एक्सप्रेस सुबह 8:20 बजे सेंट्रल से लखनऊ के लिए रवाना हुई। जयपुरिया क्रॉसिंग के पास इंजन में धमाके के बाद आग लग गई। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। गनीमत थी कि ट्रेन आउटर पर होने की वजह से धीमी गति में थी। इंजन में आग लगते ही ड्राइवर और सहायक ड्राइवर इंजन से कूदे। यात्रियों में भी हड़कंप मच गया और वह भी कूदकर भागने लगे। कंट्रोल रूम में सूचना के बाद ट्रेन को इंजन लगाकर पीछे सेंट्रल पर लाया गया और वहां पर दूसरा इंजन लगाकर उसे रवाना किया। इस वजह से ट्रेन सुबह दो घंटे बाद सुबह 10:20 बजे रवाना हो सकी।
इसके अलावा कानपुर आ रही कोलकाता-आगरा एक्सप्रेस का इंजन फतेहपुर में फेल हो गया और ट्रेन वहीं खड़ी हो गई। सूचना पर वहां से डीजल इंजन लगाकर उसे कानपुर सेंट्रल तक लाया गया। सुबह 10:40 बजे ट्रेन सेंट्रल पहुंची और यहां इलेक्ट्रिक इंजन लगाकर उसे रवाना किया गया। सुबह 11:35 बजे ट्रेन रवाना हुई।