कानपुर। गोविंदनगर क्षेत्र के महादेवनगर कच्ची बस्ती में गुरुवार को एक विवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन के साथ मजिस्ट्रेट की उपस्थित में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हरदोई के कछौना निवासी मैनाज (24) का विवाह महादेवनगर कच्ची बस्ती निवासी दिलशाद से नौ माह पहले हुआ था। चाचा किस्मत अली के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसे प्रताडि़त करते थे। गुरुवार शाम सूचना मिली कि मैनाज ने फंदे से लटक कर जान दे दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज न देने पर ससुरालियों ने मैनाज की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। गोविंदनगर इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के पहले तल पर बने कमरे में शव जमीन पर रखा था। मृतका के पति व सास ने शव फंदे से नीचे उतार लिया था। साक्ष्य संकलन के बाद शव पोस्टमार्टम भिजवाया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (ब्यूरो)