कानपुर। नेवी में तैनात काकादेव निवासी अफसर व उसके परिजनों पर एक महिला ने शादी से पहले दहेज के 25 लाख रुपये न मिलने पर बंधक बनाकर पीटने व दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
औरैया के गोविंद विद्यालय के पास रहने वाली महिला के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी की शादी शास्त्रीनगर निवासी भारतीय नेवी के अधिकारी अखंड प्रताप सिंह राठौर से तय की थी। अखंड के परिजनों ने शादी में 25 लाख रुपये की मांग की थी। कानपुर में नौ फरवरी को बरीक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें 2.51 लाख रुपये, जेवर समेत अन्य सामान दिए थे। वहीं, तिलक की 26 अप्रैल व शादी 30 अप्रैल 2025 की तारीख निकाली गई। युवक के परिजनों ने पूरी रकम अदा करने के बाद ही शादी की तैयारी शुरु करने की बात कहीं। इस पर वह लोग 17 अप्रैल को युवक के घर पहुंचे। वहां पर भी उनसे रुपये अदा करने की बात कही गई। आरोप है कि इस पर परिजनों ने बंधक बनाकर पीटा। इस पर महिला ने आरोपियों के खिलाफ काकादेव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।