कानपुर। खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने मंगलवार को सर्किट हाउस में गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक की। कोऑपरेटिव के केंद्रों में खरीद कम होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नौबस्ता गल्ला मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण भी किया।
मंडल को 1.49 लाख मीटि्रक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है। 355 केंद्रों में गेहूं की खरीद की जा रही है। अभी तक 20 हजार मीटि्रक टन गेहूं खरीद हुई है। उन्होंने कहा कि मोबाइल क्रय केंद्रों की सुविधा होने के बाद भी खरीद कम हो रही है। इसके लिए अधिकारी गांव-गांव जाकर सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए किसानों को प्रेरित करें। मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों के घरों तक पहुंच कर गेहूं की उठान करें। इस बात का ध्यान रखें कि गेहूं बेचने आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। अधिकारी क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। बैठक के बाद नौबस्ता गल्ला मंडी में गेहूं की खरीद के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। यहां संभागीय खाद्य नियंत्रक राममूर्ति वर्मा, संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी प्रभाकांत द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।