मृतक रीना यादव का फाइल फोटो। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर के मीना बगिया मोहल्ले में सोमवार सुबह विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी पर लटकता मिला। पति ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगा तहरीर दी है। पुलिस ने मां-बेटे को हिरासत में लिया है।
अकबरपुर के मीना बगिया निवासी पंकज यादव की शादी फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र के देवमई निवासी राजेश कुमार यादव की बेटी रीना (24) से चार साल पहले हुई थी। राजेश ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फांसी पर लटका दिया। उसके डेढ़ साल का बच्चा प्रिंस है। घटना के बाद ससुर व देवर फरार हो गए हैं। पुलिस ने पति व सास को हिरासत में लिया है। आरोपी पंकज मूल रूप से अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत खलीलपुर का रहने वाला है। वह करीब दस साल से अकबरपुर के मीना बगिया में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा है। कोतवाल विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।