करवा चौथ के मौके पर बाजार में खरीददारी करती महिलाएं
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत किया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला रखती हैं। वहीं, सजना की सजनी को सजाने के लिए इत्रनगरी के बाजार सज गए हैं। बाजारों में महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी हैै। नेल पालिश से लेकर साज-सज्जा के सभी सामानों की बिक्री में इजाफा है। बुधवार को करवाचौथ है, बाजारों में रौनक नजर आ रही है। बाजारों में हर वैराइटी के सामान उपलब्ध हैं।
कई दिन से लहंगा व मेहंदी के लिए बुकिंग हो चुकी है। लहंगा का किराया 1500 से 1800 रुपये है। वहीं मेहंदी 500 से 800 रुपये में लगाई जाएगी। फुल ब्यूटी पार्लर का 2800 से लेकर 4000 रुपये में है। इसमें लहंगा, मेहंदी और साज सज्जा शामिल है। शहर में लगभग सभी ब्यूटी पार्लर बुक हो चुके हैं। रविवार से लगभग सभी ब्यूटी पार्लरों ने बुकिंग लेना बंद भी कर दिया है।
दुकानों पर साड़ियां खरीदने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ लग रही है। महिलाएं करवाचौथ पर स्पेशल साड़ी में गहरे रंग ज्यादा पसंद कर रही हैं। उसमें भी बैगनी, सुर्ख लाल, मैरून रंगो को पसंद किया जा रहा है। कई महिलाएं गहरे रंग के साथ वजनदार साड़ियां खरीद रही हैं, तो कई महिलाएं हल्के कपड़े में हल्के रंग की साड़ियां ही पसंद कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अच्छी साड़ी एक हजार से लेकर 1500 से मिल जाती है। बाजार में एक हजार से लेकर 10 हजार तक की साड़ियां भी उपलब्ध हैं, जिनकी खरीदारी भी हो रही है। फुटपाथों पर करवाचौथ पर पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं। वहां गटिया, चूरा, गट्टा, खील, कलेंडर आदि सजे हैं।