फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुमे पर मस्जिदों से हुई मकसूद के लिए दुआ

Sat, 25 Jun 2016 02:14 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/कानपुर
विज्ञापन
यतीमखाना चौराहे पर जुमे की नमाज में दुआ करते रोजेदार। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
रमजान के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। दूसरे अशरे का आखिरी जुमा होने पर दुआ-ए-मगफिरत हुईं। नमाजियों ने गंगा बैराज में युवाओं की जान बचाने के लिए कूदे मकसूद के इंतकाल पर मगफिरत की दुआ की। बेगमपुरवा की सुफ्फा मस्जिद में नायब शहरकाजी मौलाना आजाद अब्दुल्ला मजाहिरी ने दुआ कराई।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि मकसूद ने जो किया इस्लाम उसकी सीख देता है। बिना किसी का मजहब देखे इंसानियत के लिए खुद को कुर्बान करने की शिक्षा ही इस्लाम देता है। अल्लाहताला उसकी मगफिरत फरमाए। इस पर सभी नमाजियों ने आमीन की आवाज बुलंद की। रविवार को दूसरा अशरा खत्म होगा और सोमवार से तीसरा व अंतिम अशरा शुरू होगा।

शुक्रवार एक जुलाई को रमजान का अलविदा जुमा होगा। इधर यतीमखाना की मस्जिद नानपारा में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। यहां पर सड़क पर नमाज होने की वजह से परेड से चुन्नीगंज जाने वाले रास्ते को साइकिल मार्केट से डायवर्ट कर पीपीएन मार्केट की ओर से किया गया। इसके अलावा तलाक महल की मस्जिद मोहम्मदी में भी लोगों ने सड़कों पर नमाज अदा की। शफियाबाद मस्जिद, बगाही मस्जिद, मूलगंज, घंटाघर, फेथफुलगंज की मस्जिद में काफी संख्या में नमाजी उमड़े।
विज्ञापन


शहरकाजी ने मकसूद के परिजनों के लिए मांगी मदद
कानपुर (ब्यूरो)। शहरकाजी मौलाना आलम रजा नूरी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल गम्मू खां हाता निवासी जांबाज मकसूद के घर पहुंचे। वहां उनके परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और कहा कि मकसूद इंसानियत के लिए शहीद हुआ है। अल्लाहताला उसकी मगफिरत फरमाएंगे। उन्होंने डीएम से मिलकर परिजनों के लिए आर्थिक मदद की मांग की।

उधर, बाबूपुरवा में पीस पार्टी के रोेजा इफ्तार में भी मकसूद की मगफिरत की दुआ की गई। इसमें अकीलुर्रहमान, डॉ. नासिर खान, इरफान अंसारी, डॉ. इकबाल, बहार अहमद, मास्टर अब्दुल वहीद, मोहम्मद इमरान, सैयद आले हसन मौजूद रहे।

मकसूद के परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे भाजपाई
कानपुर (ब्यूरो)। गंगा बैराज में डूब रहे युवकों को बचाने के चक्कर में जान गंवाने वाले मकसूद के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए भाजपा साउथ इकाई की जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता ओैर कई भाजपाई गम्मू खां का हाता स्थित उसके घर पहुंचे। इस मौके पर अनीता गुप्ता ने कहा कि वह यहां पर किसी पार्टी की नेता के तौर पर नहीं बल्कि एक मां के नाते आई हैं।

उन्होेंने कहा कि मकसूद ने जिस तरह से अपनी जान पर खेलकर डूबते बच्चों को बचाने का प्रयास किया वह सराहनीय है। उन्होंने ईश्वर से मकसूद के परिवार वालों के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर पार्टी नेता अतुल मिश्रा, शिवराम सिंह, सुबोध चोपड़ा, प्रमोद जैसवाल, हरी सिंह, विनय वर्मा, संदीपन, पिंटू, गिरीश वाजपेयी, मनोज राठौर मौजूद रहे। 

मौत के पहले कफन तैयार कराएं लेकिन कब्र नहीं
कुल हिंद इस्लामिक इल्मी अकादमी की रमजान हेल्पलाइन में मुफ्तियों ने जवाब दिया है कि कोई व्यक्ति अपनी मौत के पहले अपना कफन तैयार करा सकता है। यह जायज है लेकिन मरने से पहले कब्र तैयार करा लेना मना है। इसकी इजाजत नहीं है। वहीं एक जवाब में कहा गया कि गरीब कर्जदार को जकात देकर उससे अपना उधार वापस लेने से जकात अदा हो जाएगी।

प्रति व्यक्ति 50 रुपये फितरा अदा करें
अहले हदीस विचारधारा के अमीर मोहम्मद इकबाल मोहम्मदी ने कहा है कि 20 रुपये किलो का आटा खाने वाले मुसलमान ढाई किलो के हिसाब से प्रति व्यक्ति 50 रुपये फितरा गरीबों को दें। इससे महंगा आटा खाने वाले उसी हिसाब से ढाई किलो की रकम निकालें। कहा कि इस मुबारक महीने में इबादतगुजार बंदा कभी कभी गुस्से या अन्य वजहों से गल्तियां कर देता है। इसलिए रोजे को पाक करने के लिए सदका-ए-फित्र है। गेहूं, जौ, खजूर, मुनक्का, पनीर, किशमिश, पनीर से भी फितरा निकाला जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें