मैच का शुभारंभ करते यूपी टी 20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान।
- फोटो : संवाद
कानपुर। केपीएल से कई खिलाड़ी इस सीजन में यूपीपीएल में शामिल होंगे। इस साल अगस्त-सितंबर में होने वाली यूपीपीएल को दो शहरों में कराने की योजना है। इसका फैसला यूपी टी-20 काउंसिल की बैठक में होगा। यह बातें गुरुवार को ग्रीनपार्क में आए उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चेयरमैन व पूर्व डीजीपी उत्तर प्रदेश डीएस चौहान ने कहीं।
लीग के दूसरे मुकाबले का शुभारंभ करने के बाद डीएस चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केपीएल से युवाओं को ग्रीनपार्क में बेहतरीन मंच देने का सपना डॉ. संजय कपूर ने पूरा किया है। आशा है कि केपीएल को देखकर प्रदेश के अन्य शहर भी इस तरह का आयोजन कर युवाओं को अवसर प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग के टीम मालिकों की नजरें केपीएल में लगी हुई हैं। उम्मीद है कि यहां से कई खिलाड़ी हमारी लीग का हिस्सा होंगे। हो सकता है कि इस बार खिलाड़ियों का स्लॉट 180 से बढ़कर 250 करना पड़े।
केपीएल के आयोजन में यूपीसीए से कोई सहयोग न मिलने पर उन्होंने कहा कि यह फैसला बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला व यूपीसीए अधिकारी ही ले सकते हैं। हालांकि जिस तरह ग्रीनपार्क में केपीएल को लेकर दर्शकों में क्रेज है, उम्मीद है कि यूपी टी-20 लीग का तीसरा चरण फिर से यहां करवाया जा सकता है। यूपी लीग का पहला सीजन कानपुर व दूसरा लखनऊ में हुआ था।