ब्लॉक कार्यालय पर जॉब कार्ड़ दिखाते मनरेगा मजजूर।
- फोटो : AKBARPUR
सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। जिठरौली ग्राम सभा में मनरेगा के तहत काम करने वाले श्रमिकों को दो से तीन माह का भुगतान नहीं किया गया। उनके जॉब कार्ड में हाजिरी भी नहीं दर्ज की गई। श्रमिक गुरुवार को ब्लाक पहुंचे। शिकायत पर प्रभारी बीडीओ ने समिति से जांच कराने की बात कही है।
भुगतान न होने पर 25 श्रमिक गुरुवार को ट्रैक्टर ट्राली से ब्लाक पहुंचे। सभी जॉब कार्ड के साथ फावड़ा भी ले गए थे। शायरा बानो ने बताया कि पति की मौत के बाद घर का सारा खर्च मनरेगा में मजदूरी से चलता है लेकिन 70 दिन काम करने का भुगतान नहीं हुआ। राजकुमार का 60 दिन, रामदुलारी का 79, लालजी का 97, महमूद अली का 55, राजाराम का 45, इरशाद अली को 70 दिन का भुगतान नहीं हुआ है। आशाराम, गज्जू, महेश कुमार ने बताया कि रोजगार सेवक ने जॉब कार्ड में हाजिरी नहीं दर्ज की।
पंचायत सचिव मनी शर्मा ने बताया कि रोजगार सेवक ने लापरवाही की है। प्रभारी बीडीओ संजय गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच के लिए समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी।