फर्रूखाबाद के कायमगंज में बगिया निवासी एक युवक इसी सप्ताह केरल से अपने घर लौटा, पड़ोसियों ने उसे कोरोना संदिग्ध मानते हुए इलाज कराने के लिए दौड़ा दिया। युवक खुद ही साइकिल से सीएचसी गया। वहां से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
मोहल्ला बगिया निवासी युवक केरल की एक फैक्टरी में काम कर रहा था। कुछ दिन पहले वह अपने घर वापस आ गया। इसकी लोगों में चर्चा हो गई। इस समय बाहर से लौटने वाले लोगों को संदेह की नजर से देखा जा रहा है। लोगों में कोरोना वायरस का खौफ इस कदर बैठ गया कि लोग हर वह व्यक्ति जो बाहर से लौटा है उसे कोरोना संदिग्ध मान लेते हैं।
हालांकि डॉक्टर के मुताबिक युवक को खांसी, जुकाम, बुखार कुछ भी नहीं है फिर भी उसके मोहल्ले के कुछ लोग उस पर जांच कराने का दबाव बना रहे हैं। सोमवार सुबह वह युवक खुद साइकिल से सीएचसी पहुंचा। उसने ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. शोभित कुमार से कहा कि लोगों के दबाव में वह अपनी जांच कराना चाहता है।
इस पर डॉक्टर ने प्राथमिक जांच कर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉ. शोभित ने बताया युवक किसी बीमारी से ग्रसित नहीं लग रहा था। उसके कहने पर यहां से रेफर कर दिया गया है। दोपहर तक युवक लोहिया अस्पताल नहीं पहुंचा।