कोरोना संक्रमित बुजुर्ग के मिलने के बाद एनआरआई सिटी में घरों से बाहर निकले लोग
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर शहर में कोरोना का पहला केस मिला है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) की माइक्रोबायोलॉजी लैब ने कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि कर दी है। एनआरआई सिटी का रहने वाला व्यक्ति दो-तीन दिन पहले अमेरिका से लौटा है। संदिग्ध पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा था।
संक्रमित व्यक्ति के चार परिजनों की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा तीन अन्य संदिग्ध रोगियों को जीएसवीएम मेडिकल कालेज के संक्रामक रोग अस्पताल में आइसोलेशन में भर्ती किया गया। एक व्यक्ति का सैंपल लिया गया है। सोमवार को केजीएमयू से कोरोना पॉजीटिव रोगी की रिपोर्ट जारी की गई।
इसके साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर रोगी को एंबुलेंस से आईडीएच अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही उसके चार परिजनों को भी आईडीएच लाया गया है। उसके संपर्क में आए व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है।
इसके साथ ही अन्य लोगों से आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। तीन अन्य रोगियों को भी आईडीएच में आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। टीम ने एक रोगी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। स्वास्थ्य विभाग की डेली बुलेटिन में संक्रमित रोगी और संदिग्ध रोगियों की सूची जारी कर दी गई है।