मामला बढ़ने पर दोनों परिवार सौरभ और रानी को लेकर सचेंडी थाने गए थे। दोनों के बालिग होने के चलते पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर वापस कर दिया था। इसके अगले दिन सौरभ और रानी परिजनों की मर्जी के बगैर कोर्ट मैरिज कर लिए और दिल्ली जाकर रहने लगे। दोनों दिल्ली से लौटने के बाद पांच दिन पहले ही बर्रा-7 निवासी ठेकेदार ज्ञान सिंह के मकान में दूसरी मंजिल पर किराये पर कमरा लिए थे।
मकान में पहली मंजिल पर बेटे शिवम और पति राजेंद्र संग रहने वाली नीलम मंगलवार की दोपहर छत पर कपड़े डालने जा रही थीं। दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान से उन्हें पंखे से फंदे के सहारे सौरभ लटका दिखा। उन्होंने शोर मचाया तो मकान मालिक आए और फंदा देख कर पुलिस को सूचना दिए।
मौके पर आई बर्रा पुलिस ने अंदर से बंद दरवाजे के कुंडे को तोड़ा तो सामने चटाई पर रानी का शव पड़ा था। रानी के गले पर कपड़े से कसने के निशान थे। पास ही रखे रजिस्टर पर रानी के मौसा का फोन नंबर लिखा था। पुलिस ने मौसा के नंबर पर घटना की सूचना दी।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला का गला कसने के निशान मिले हैं। क्राइम सीन के अनुसार ऐसा प्रतीत हुआ है कि पत्नी की हत्या करने के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दी है। वजह का पता लगाया जा रहा है। - दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी साउथ