इटावा में गुरुवार देर रात एक युवक की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात युवक बुलेट से अपने घर जा रहा था जब उसपर गोली चलाई गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां तड़के उसकी मौत हो गई। अशोक नगर निवासी 31 वर्षीय हरिओम यादव पुत्र फतेह सिंह यादव गुरुवार देर रात करीब एक बजे अपनी रॉयल इन्फील्ड मोटर साइकिल से घर की ओर आ रहे थे।
तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उन पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी, जिससे वह वहीं पर गिर पड़े। सूचना पर पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।