मासूम जिसका झोलाछाप ने जबरन ऑपरेशन कर दिया
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट के मऊ में एक झोलाछाप के इलाज से दो वर्षीय मासूम की जान चली गई। मऊ निवासी गणेश प्रसाद उर्फ बबलू द्विवेदी ने बताया कि दो वर्षीय पुत्र लल्ला को फोड़ा निकला था, जिस पर वह झोलाछाप किशन रस्तोगी के पास बेटे को लेकर पहुंचे।
झोलाछाप ने प्राथमिक उपचार करने के स्थान पर उसका ऑपरेशन कर दिया। जिससे उसका खून बहने लगा। वह दोबारा झोलाछाप के पास लेकर गए तो उसने इलाज करने से मना कर दिया।
हालत बिगडऩे पर बेटे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ गए पर डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने से जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी के डॉ. शेखर वैश्य ने बताया कि मासूम की जान गलत इलाज से गई है। संभवत: उसे दवाओं का डबल डोज दिया गया, जिससे आंत फटने की संभावना है।
पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी अरुण कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित झोलाछाप को हिरासत में लिया गया है।