कन्नौज के हसेरन में प्रेमिका से कहासुनी के बाद प्रेमी ने अपनी शर्ट का फंदा बनाकर नीम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रेमिका को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। क्षेत्र के ग्राम उदैयापुर निवासी कलियान (20) पुत्र सकटेलाल ने बहादुरपुर गांव में नीम के पेड़ पर फांसी लगा ली। मामले की जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक इंदरगढ़ सुजीत वर्मा, हसेरन चौकी इंचार्ज संजय यादव मौके पर पहुंच गए।
चचेरे भाई नंदराम ने बताया कि भाई कलियान का प्रेम प्रसंग एक युवती के साथ चल रहा था। घटना के समय कलियान व उसकी प्रेमिका बाग में साथ थे। दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर कलियान ने अपनी शर्ट से फांसी लगा ली।
कलियान की मौत के बाद युवती उसके पैरों को पकड़कर रो रही थी। युवती ने ही फोन से मामले की जानकारी उन लोगों को दी। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। इंदरगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।