ब्वायलर की सफाई करते समय मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत
उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र में अकरमपुर स्थित बियर फैक्ट्री में शनिवार की रात ब्वायलर की सफाई करते समय मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने साथी श्रमिकों और ठेकेदार पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगा कोतवाली में हंगामा किया।
प्रबंधन ने अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार और मृतक आश्रितों को चार लाख रुपये आर्थिक मदद का आश्वासन दिया तब मामला शांत हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
फैक्ट्री में ब्वायलर की नाली साफ कर रहा था।
मूलरूप से आसीवन थानाक्षेत्र के पनापुर गांव निवासी फैयाज अली (32) पुत्र अलीहसन काफी समय से परिवार के साथ शहर के कुद्दूखेड़ा में किराए पर रहता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार रात करीब 9 बजे वह फैक्ट्री में ब्वायलर की नाली साफ कर रहा था।
तभी ब्वायलर से निकली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। कोतवाल डीसी मिश्रा ने मृतक की पत्नी मीना और मां गुशन से फैक्टरी प्रबंधन की बात कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
ब्वायलर में ऐसी कोई गैस नहीं होती जिससे किसी की मौत हो जाए
पीठ में हल्की चोट के चार निशान पाए गए हैं। डाक्टरों का कहना है कि चोट गिरने के कारण आ सकती है। डाक्टरों ने आशंका जताई कि कि ब्वायलर से कार्बन डाई ऑक्साइड या ऐसी ही कोई अन्य गैस भी हो सकती है। ब्रेवरीज के मैनेजर बलवीर सिंह ने बताया कि ब्वायलर में ऐसी कोई गैस नहीं होती जिससे किसी की मौत हो जाए।
कोतवाल दिनेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता कर लिया है। मृतक की मां गुलशन, पत्नी मीना का रो रोकर बुराहाल है। मृतक दो भाईयों में बड़ा था। बच्चों में फैजल (6), अफजल (4) व आलिया (8 माह) हैं।