गड्ढे में ट्राली गिरने से मजूदर की दबकर मौत
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर नौबस्ता बाईपास चौराहे पर बुधवार दोपहर लोहे की पटिया लदी ट्रैक्टर ट्राली गड्ढों में पलटने से मजदूर राजेश राजपूत (40) की दबकर मौत हो गई। साथी मजदूर नीरज और टीनू घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को हैलट भर्ती कराया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
कानपुर देहात के रनियां निवासी बाबू सिंह का ट्रैक्टर किराए पर चालक शीबू चलाता है। बुधवार को शीबू उन्नाव के मगरवारा से लोहे की पटिया लादकर पनकी जा रहा था। उन्नाव रौतेपुर निवासी मजदूर राजेश राजपूत, नीरज और टीनू लोहे की पटियों के ऊपर बैठे थे।
घायल मजदूर नीरज ने बताया कि नौबस्ता बाईपास चौराहे पर ट्राली का बायां पहिया गड्ढे में फंस गया और ट्राली पलट गई। राजेश की लोहे की पटिया के बीच दबने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मजदूरों और राहगीरों की मदद से लोहे की पटियों और ट्रैक्टर समेत को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
राजेश राजपूत परिवार का इकलौता कमाने वाला था। परिवार में पत्नी गोमती और दो बच्चे हैं। हैलट में पति का शव देख पत्नी बदहवास हो गई। थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।