हरदोई जिले के बिलग्राम में कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव झालापुरवा में मां से नशे में गाली गलौज कर रहे अधेड़ को उसके दोस्त ने डंडों से कई वार कर मरणासन्न कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात से पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। झालापुरवा मजरा बिरौरी निवासी सोनेलाल (45) पुत्र वासुदेव नि:शक्त था। आसपास के इलाकों में मजदूरी करता था।
शुक्रवार रात दोस्त पड़ोसी मनीष ने सोनेलाल को बुलाया और फिर दोनों ने शराब पी। सोनेलाल को नशे में देख मां सुमित्रा ने उसे रोका तो उसने गालीगलौज शुरू कर दी। इस पर मनीष ने आपत्ति जताई तो दोनों के बीच विवाद होने लगा।
इसी दौरान गुस्से में आकर मनीष ने पास पड़ा डंडा उठाकर सोनेलाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सोनेलाल गिर गया तो मनीष वहां से भाग गया। सोनेलाल के परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाल सुनील कुमार सिंह पहले सीएचसी और फिर घटनास्थल पर पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि मृतक के भाई भन्नू की तहरीर पर मनीष के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।