यूपी के हरदोई जिले में नासूर बनी जाम की समस्या ने शुक्रवार को टीबी रोगी की जान ले ली। दोपहर को नुमाइश चौराहे पर बाइक से दामाद संग डॉक्टर को दिखाने जाने के दौरान आधे घंटे जाम में फंसकर उसकी सांसें टूट गईं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलामऊ निवासी रामकिशोर (50) पुत्र बिल्ला एक साल से टीबी पीड़ित था। चार महीने से वह दामाद सत्यप्रकाश निवासी नूरपुर हथौड़ा कोतवाली बिलग्राम के साथ उनके घर में रहता था। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर रामकिशोर दामाद सत्यप्रकाश और गांव निवासी एक युवक के साथ बाइक से जिला अस्पताल दवा लेने जा रहा था। शहर में नुमाइश चौराहे पर दोपहर 12 बजे सत्यप्रकाश की बाइक जाम में फंस गई।
आधे घंटे तक जाम में फंसने से रामकिशोर की सांस फूल गई और वह बेसुध हो गया। जाम खुलने पर सत्यप्रकाश ससुर रामकिशोर को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। वहां आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में ड्यूटी पर तैनात डॉ. शेर सिंह ने रामकिशोर को मृत घोषित कर दिया। सत्यप्रकाश ने कहा कि अगर जाम न होता तो शायद उसके ससुर की जान बच जाती। घटना के बाद परिजन शव लेकर चले गए।