मृतक की फाइल फोटो, रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कन्नौ जिले में जीटी रोड हाईवे पर करमुल्लापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रधानाध्यापक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रधानाध्यापक हेलमेट नहीं लगाए थे।
नगला कायस्थान निवासी फूल सिंह (47) पुत्र रामभरोसे प्राथमिक विद्यालय विसमा मुड़िया में प्रधानाध्यापक थे। शुक्रवार दोपहर वह विद्यालय की छुट्टी के बाद बाइक से गांव जा रहे थे। जीटी रोड हाईवे पर करमुल्लापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में यह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी पर पहुंचे परिजन घायल प्रधानाध्यापक को सौ शैय्या अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी मालती देवी और बच्चों संतोष, संजीव, कल्पेंद्र, पुष्पेंद्र, हरवेंद्र, रुचि, अर्चना और करिश्मा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र संतोष ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।