हरदोई के कचूरा गांव में 4 नवंबर को संपत्ति के विवाद में रिश्तेदार द्वारा पेट्रोल डालकर जलाए गए किसान ने शुक्रवार को लखनऊ ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। शाम को परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर कोतवाली केे बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया।
सीओ के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कचूरा निवासी सुनील (45) पुत्र भीखम खेती करता था। सुनील के भाई कल्लू का दामाद शाहजहांपुर के रौजा निवासी कमलेश परिवार के साथ गांव में रहता है। जिससे सुनील का संपत्ति विवाद चल रहा था।
4 नवंबर को सुनील घर पर चारपाई पर लेटा था। इसी दौरान भाई के नाती अन्थोनी ने अपने भाई जीतू व गुल्लू के साथ आकर बाइक से पट्रोल निकालकर सुनील पर फेंक दिया था। इसके बाद माचिस से आग लगा उसे जलाने का प्रयास किया। जिसमें सुनील गंभीर रूप से झुलस गया था।
चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर सुनील को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। इधर सुनील के भतीजे राहुल की तहरीर पर पुलिस ने अन्थोनी, कमलेश, जीतू, गुल्लू समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। शुक्रवार सुबह सुनील की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजन शव लेकर गांव आए। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने की बात से नाराज परिजनों ने कोतवाली के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। सीओ उमाशंकर सिंह के समझाने पर परिजन शव लेकर चले गए। सीओ ने बताया घटना में कमलेश की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।