पुलिस और स्वाट टीम ने जनपद फर्रुखाबाद से शुक्रवार को अगवा किए गए छह वर्षीय बालक कृष्णा को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने हाथरस के रहने वाले दो अपहरणकर्ताओं को तमंचा-कारतूस व स्कार्पियो सहित गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मोहल्ला राजीवनगर निवासी मोहन वर्मा के छह वर्षीय पुत्र कृष्णा को शुक्रवार को अगवा कर लिया गया था। इसकी रिपोर्ट मोहम्मदाबाद में दर्ज कराई गई।
बालक की लोकेशन कासगंज में मिलने पर एसपी ने सीओ पटियाली गवेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस व स्वाट टीम को बच्चे की सकुशल बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी। शनिवार को स्यौड़ी मोड़ पर चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो आती दिखी।
रोकने पर उसमें सवार दो लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और कृष्णा को भी स्कॉर्पियो से सकुशल बरामद कर लिय गया। गिरफ्तार लोगों ने अपने नाम ब्रजमोहन निवासी चमरौली और सर्वेश निवासी रतिभानपुर थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस बताए हैं। उनके पास से पुलिस ने दो तमंचा, सात कारतूस, दो खोखे बरामद किए हैं।