कोतवाली क्षेत्र के गांव ज्योतिष में मजदूरी को निकले एक युवक को लोडर ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद लोडर लेकर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर जब गांव पहुंची कोहराम मच गया।
हादसे से गुस्साए लोगों अकबरपुर-रूरा रोड में जाम लगा दिया। कोतवाली थानांतर्गत ज्योतिष गांव निवासी लाखन कुशवाहा (35) पुत्र भोला कुशवाहा साइकिल से अकबरपुर मजदूरी करने आ रहा था।
सुबह नौ बजे जैसे ही वह ज्योतिष गांव की सड़क से मेन रोड पर पहुंचा अकबरपुर की तरफ से आ रही एक लोडर ने उसको जोरदार टक्कर मार कर कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से दो किमी दूर उसके गांव ज्योतिष में हादसे की खबर पहुंची तो सौ से अधिक गांव के लोग परिजनों के साथ मौके पर आ गए और अकबरपुर-रूरा रोड जाम कर दिया।
जाम की खबर पाते मौके पर उपाजिलाधिकारी हरिहरराम, और सीओ विनीत भटनागर भी पहुंचे। लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूरा एसओ और अकबरपुर कोतवाल भी मौके पर पहुंचे।
गांववासी और परिजन लोडर चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। एसडीएम और सीओ के कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया। मृतक के पिता भोला कुशवाहा ने बताया कि लाखन मजदूरी करता था।
सुबह घर से घर से खाना खाकर काम पर निकला था। एसडीएम हरिराराम ने बताया कि मौका मुआयना कर लिया गया है। हिट एंड रन का मामला है। कोई वाहन की टक्कर मारकर मौके से भाग गया है।
फिलहाल मजदूर को मदद दिलाए जाने के लिए लेखपाल को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मदद दी जाएगी।