शिवली में जर्जर तार आए दिन टूट कर गिर कर हादसे का कारण बन रहे हैं। जर्जर टूटे तार की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। जबकि, उसका बचाने गया सगा भाई करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में बिजली विभाग के खिलाफ मृतक के पिता ने लापरवाही बरतने का मामला पंजीकृत कराया है।
शिवली कोतवाली के बाघपुर ग्राम सभा के मजरा लुधौरा में श्रीकृष्ण के दरवाजे के सामने से होकर बिजली की लाइन गई है।
इसी बिजली की लाइन का तार बुधवार की देर रात करीब 10.30 पर टूटकर गिर गया। टूटे पड़े तार में करंट दौड़ रहा था। इस गांव को बिजली शोभन के तेतीस केवीए स्टेशन से की जाती है।
इसी बीच श्रीकृष्ण का बड़ा लड़का शिवराज लघुशंका करने के लिए घर से बाहर निकला। इसी बीच तार के अंधेरे में उसका पैर टूटे पड़े तार के ऊपर पड़ गया। इस टूटे तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया।
उसकी आवाज सुनकर छोटा भाई सुल्तान भाई को बचाने के लिए दौड़ पड़ा। किसी तरह से उसने शिवराज को बचा लिया। खुद करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलसकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल शिवराज को परिजन कानपुर अस्पताल ले गए। पिता श्रीकृष्ण ने बिजली विभाग के ऊपर जर्जर तार न बदलने व लापरवाही की रिपोर्ट पंजीकृत कराई है।
थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के ऊपर लापरवाही का मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।