फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव रठौरा नगला नीब में युवक का शव खेत में खड़े पेड़ पर अंगौछा के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाया। कोतवाली पहुंची मां ने महिला के पति पर बेटे को बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। गांव कमालपुर के मजरा नगला जसे निवासी भीखम का पुत्र प्रदीप कुमार (22) डेढ़ माह पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला को ले गया था।
इसमें महिला के पति ने प्रदीप, उसकी मां शोभा व बहनोई मैनपुरी निवासी आशाराम के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शुक्रवार दोपहर बाद गांव रठौरा नगला नीब निवासी पूर्व प्रधान सर्वदमन सिंह के खेत में खड़े नीम के पेड़ पर प्रदीप का शव अंगौछे के फंदे से लटका मिला। खेत में गए पूर्व प्रधान के भाई ने देखा तो ग्रामीणों व पुलिस को जानकारी दी। मोहम्मदाबाद कोतवाल जयप्रकाश शर्मा, दरोगा शीलेश गौतम फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे।
मां ने प्रेमिका और उसके पति पर लगाया बेटे की हत्या का आरोप
घटनास्थल पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने शर्ट व अंगौछे के फंदे से लटक रहे शव को उतरवाया। जानकारी के अनुसार गुरुवार को ही प्रदीप महिला के साथ कोतवाली पहुंचा था। पुलिस ने महिला के कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए। महिला ने प्रदीप के साथ जाने के दौरान ले जाए गए अपने जेवर व नगदी वापस करने के साथ पांच बीघा भूमि अपने नाम बैनामा करने की बात कही थी।
इसके बाद महिला भाई के साथ जनपद कन्नौज स्थित मायके चली गई जबकि उसका पति अपने चार बच्चों को लेकर घर चला गया था। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदीप प्रेमिका की शर्तों से परेशान हो गया था। पुलिस की सूचना पर प्रदीप की मां शोभा व बहनोई आशाराम कोतवाली पहुंचा। मां ने आरोप लगाया कि महिला के पति ने प्रदीप को फोन कर बुलाया था।
इसी के बाद उसके बेटे की हत्या कर शव लटका दिया गया है। प्रदीप अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई राजकुमार व शिवकुमार दिल्ली, हरियाणा में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्हें फोन पर घटना की सूचना दी गई है। उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। जबकि पिता भीखम की पहले ही मौत हो चुकी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।