पत्नी ने मछली नहीं बनाई तो युवक ने पहले घर में हंगामा किया और सामान तोड़ डाला। पत्नी ने उसे कमरे में बाहर से बंद किया तो वह पीछे के रास्ते से निकलकर नाले में कूद गया। पत्नी ने जब उसे तेज बहाव में बहते देखा तो शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची, मगर करीब 20 घंटे की तलाश के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी अनिल कुमार (40) मजदूरी करता है। शुक्रवार शाम वह बाजार से अंडे और मछली लेकर घर पहुंचा। उसने पत्नी रचना से दोनों चीजें बनाने को कहा। पत्नी ने बताया कि बेटा मछली नहीं खाता, इसलिए उसने केवल अंडे बना दिए। कुछ देर बाद अनिल ने मछली न बनी देखी तो नाराज हो गया और घर में हंगामा करने लगा। देखते ही देखते उसने घर में रखा सामान भी तोड़ना शुरू कर दिया।
अनिल के बढ़ते गुस्से को देखते हुए पत्नी ने उसे कमरे में बाहर से बंद कर दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद वह पीछे के रास्ते से निकल गया और घर के पास बह रहे नाले में छलांग लगा दी। पत्नी ने उसे नाले के तेज बहाव में बहते देखा तो चीख-पुकार मचा दी। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाले में उसकी तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नाले में काफी दूर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।