मामला मटौंध थाना क्षेत्र में केन नदी स्थित रेलवे पुल का है। शहर के चमरौड़ी निवासी विकास शर्मा का शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। युवक उससे शादी करना चाहता था, लेकिन परिजनों के राजी न होने से वह नाराज था। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह केन नदी पर बने रेलवे पुल पर पहुंच गया और पुल पर चढ़कर प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा।
प्रेमिका को बुलाने पर अड़ा रहा युवक
पुल पर पहुंचने के बाद युवक ने प्रेमिका के सामने आने की मांग की। उसके न आने पर वह पुल से कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार समेत पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस लगातार युवक से बातचीत करती रही, लेकिन वह प्रेमिका के मौके पर आने की मांग पर अड़ा रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसकी सुरक्षा के लिए नदी के नीचे भी इंतजाम किए।
युवक के पुल से नीचे गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने केन नदी में नाविकों और गोताखोरों को तैनात किया। पुलिसकर्मी करीब दो घंटे तक युवक को समझाते रहे। इस दौरान पुल और आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। उसके पहुंचने के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सकुशल पुल से नीचे उतारा और इसके बाद गिरफ्तार कर लिया। मौके पर भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी और कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
http://