यूपी के हरदोई जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के जलालाबाद इलाके में छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहे बदमाशों ने विरोध करने आए उसके मामा की बेरहमी से हत्या कर दी। गांव वालों की माने तो युवक को जान से मारने से पहले उसकी दोनों आंखें निकाल लीं और नाक, कान भी काट लिए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर बहन ने दो महिलाओं समेत पांच लोगोें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। एसपी विपिन कुमार मिश्र का कहना है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्यारे शीघ्र गिरफ्त में होंगे।
मूल रूप से शाहजहांपुर जनपद स्थित जलालाबाद थाने के सरायं साधौ निवासी मनोज (30) बीते लगभग ढाई दशक से अपने ननिहाल खेड़ा बीबीजई मोहल्ले में रहता था। उसकी बहन बेबी भी अपने परिवार के साथ इसी मोहल्ले में रहती है। मनोज का शव शुक्रवार सुबह क्षत विक्षत अवस्था में उसकी कोठरी के अंदर मिला। सुबह साढ़े सात बजे तक उसके बाहर नहीं निकलने पर बहन व उसके परिजन उसे बुलाने के लिए गए थे। अंदर शव देख इन सबके होश उड़ गए। घटना की जानकारी सभासद किरन ने पुलिस को दी।
पुलिस ने पूछताछ की तो बेबी ने बताया कि मोहल्ले के ही गुड्डू, आकाश, शाका, जूली और बबली शाम उसके घर में घुस आए थे। ये लोग उसकी पुत्री को जबरन उठाकर ले जाना चाहते थे और आकाश से शादी कराना चाहते थे। इसी बात को लेकर गुरुवार शाम विवाद हुआ था। आरोप है कि रात में किसी समय आकाश, शाका, जूली, बबली और गुड्डू कार से मनोज की कोठरी पर गए और उसकी हत्या कर दी।
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि बेबी की तहरीर पर गुड्डू, आकाश, शाका, जूली और बबली के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की तलाश के लिए निर्देश दिए गए हैं।