पिल्ले के पैरों में बांधा गया प्लास्टर
- फोटो : amar ujala
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के ए-ब्लॉक में युवक ने रात के वक्त वाहन सवारों को दौड़ाने वाले कुत्ते की खुन्नस कुत्ते के चार महीने क बच्चे पर उतार दी। घर के बाहर सो रहे कुत्ते के बच्चे को लोहे की रॉड से इस कदर पीटा कि उसके आगे के दोनों पैर टूट गए।
मदद को पहुंची स्वयं सेवी संस्था ने कुत्ते का इलाज करने के बाद थाने में तहरीर देकर एफआईआर भी दर्ज कराई है। सेवा और दान सोसाइटी के फाउंडर आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें फोन पर किसी ने जानकारी दी कि मोहल्ले के एक युवक ने कुत्ते के बच्चे को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके पैर टूट गए।
इस पर वह अपने साथी मोहित त्रिवेदी, गोपाल मिश्रा, अमन शुक्ला के साथ मौके पर पहुंचे और घायल कुत्ते के बच्चे के पैरों में प्लास्टर बांध कर इलाज किया। इसके साथ सदस्यों ने बर्रा थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।