उत्तर प्रदेश के इटावा में विक्षिप्त महिला व उसके बच्चे की बेरहमी से पिटाई का सीसीटीवी वायरल हुआ तो पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
एक मानसिक बीमार महिला व उसके बेटे को चप्पल से पीटने वाले युवक पर शांतिभंग की कार्रवाई हुई है। इस घटना के वायरल वीडियो को पुलिस ने संज्ञान में लिया है। इटावा कोतवाली क्षेत्र के हर्षनगर मोहल्ले का एक सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ है।
इसमें एक युवक घर के बाहर बैठी महिला व उसके बेटे को चप्पल से पीटता दिख रहा है। युवक के परिजन भी मौके पर हैं। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एएसपी सिटी रामयश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की जानकारी की, तो पता चला कि मानसिक बीमार महिला ने किसी अन्य महिला के डंडा मार दिया था।
उसी से गुस्साए महिला के परिजनों ने पिटाई की है। जो पूरी तरह से गलत कृत्य है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।